Jamshedpur : देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में भाजपा ने मंगलवार को जमशेदपुर महानगर के पूर्वी, पश्चिमी और जुगसलाई विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा स्तरीय अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम में अटल जी के राष्ट्र निर्माण, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रकाश डाला गया और कार्यकर्ताओं ने उनके जीवन आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

पश्चिमी विधानसभा के स्टील हाउस में आयोजित सम्मेलन में झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविन्द्र राय, सांसद विद्युत महतो, प्रदेश मंत्री गणेश मिश्रा, पूर्व सांसद आभा महतो सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। जुगसलाई विधानसभा में पटमदा बिडरा ग्राम संसद भवन में सांसद विद्युत महतो एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वहीं पूर्वी विधानसभा के सिदगोड़ा सोन मंडप सभागार में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविन्द्र राय, विधायक पूर्णिमा साहू और प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद मुख्य अतिथि थे। सम्मेलन की शुरुआत अतिथियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन करके की।

डॉ. रविन्द्र राय ने अटल जी को सादगी, विनम्रता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनके योगदान में सुदृढ़ विदेश नीति, पोखरण परमाणु परीक्षण और स्वर्णिम चतुर्भुज जैसी दूरदर्शी विकास योजनाएं शामिल हैं। सांसद विद्युत महतो ने कहा कि अटल जी ने सत्ता की राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा और झारखंड राज्य के गठन जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए।

विधायक पूर्णिमा साहू ने अटल जी को गांव, गरीब और किसान के उत्थान का प्रेरक बताया। प्रदेश मंत्री गणेश मिश्रा और नंदजी प्रसाद ने उनके राष्ट्रवाद, सुशासन और सेवा भाव की राजनीति को भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बताया।

पूर्व सांसद आभा महतो और पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह ने अटल जी के सिद्धांत, संघर्ष और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनका जीवन आज भी कार्यकर्ताओं और देशवासियों के लिए मार्गदर्शक है। सम्मेलन में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे, जिन्होंने स्वागत, मंच संचालन और धन्यवाद ज्ञापन की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का समापन अटल जी के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ हुआ।









