Jamshedpur : भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर की ओर से लोकमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती को ऐतिहासिक और भव्य रूप से मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। इस उपलक्ष्य में पार्टी द्वारा 21 से 31 मई तक “अहिल्याबाई होल्कर स्मृति अभियान” चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 21 मई (बुधवार) को शाम 4:30 बजे, बिस्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी शिरकत करेंगे।

इस संबंध में पार्टी के जिला कार्यालय, साकची में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने की। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया और इसकी सफलता के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

सुधांशु ओझा ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर धर्म, न्याय और राष्ट्रधर्म का प्रतीक थीं। विदेशी आक्रमणों के कठिन दौर में उन्होंने काशी से रामेश्वरम तक अनेक तीर्थस्थलों का पुनरुद्धार कर भारतीय संस्कृति को पुनः जीवंत किया। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर पूरे प्रदेश में यह जयंती भव्यता से मनाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि समारोह में जमशेदपुर महानगर के सभी मंडलों के कार्यकर्ता अपने-अपने मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में शामिल होंगे। साथ ही, पार्टी के वरिष्ठ नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी भी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। ओझा ने आम नागरिकों और कार्यकर्ताओं से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

बैठक में जिला उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा, जिला महामंत्री अनिल मोदी, संजीव सिंह, विजय तिवारी, मिली दास, भाजयुमो अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष सागर राय, महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलू मछुआ, एसटी मोर्चा अध्यक्ष रमेश बास्के, एससी मोर्चा अध्यक्ष पोरेश मुखी, सोशल मीडिया संयोजक ज्ञान प्रकाश, आईटी सेल सह संयोजक किशोर ओझा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।