बिष्टुपुर के तुलसी भवन में विहिप का श्रीरामोत्सव, मर्यादा पुरुषोत्तम के आदर्शों पर चलने का आह्वान

SHARE:

Jamshedpur : बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) जमशेदपुर महानगर द्वारा श्रीरामोत्सव कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में विहिप झारखंड प्रांत के अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत मुख्य रूप से उपस्थित रहे और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभु श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्पण के साथ हुआ। अपने संबोधन में चंद्रकांत रायपत ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का जीवन त्याग, कर्तव्यपरायणता और सामाजिक समरसता की अद्भुत मिसाल है। उन्होंने कहा कि विश्वामित्र के साथ वन जाकर असुरों का वध करना, माता कैकयी के प्रति बिना रोष पुत्र धर्म निभाना, भाई भरत के प्रति आदर्श प्रस्तुत करना, केवट एवं माता शबरी से आत्मीयता, वानर सेना से मित्रता और माता सीता की मुक्ति जैसे प्रसंग समाज को कर्तव्य और आदर्शों की शिक्षा देते हैं।

विहिप विभाग मंत्री अरुण सिंह ने कहा कि श्रीरामोत्सव मनाने का उद्देश्य हिंदू समाज को एकजुट कर प्रभु श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करना है। उन्होंने कहा कि श्रीराम के नाम पर जाति, भाषा और क्षेत्र की सीमाएं समाप्त हो जाती हैं और समाज में एकता की भावना सुदृढ़ होती है।

कार्यक्रम में विहिप के केंद्रीय अधिकारी अरुण सिन्हा, प्रांत पदाधिकारी देवेंद्र गुप्ता, अवतार सिंह गांधी, सबिता सिंह, कुंती भारती सहित जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता, मंत्री चंद्रिका भगत, सहमंत्री उत्तम कुमार, बजरंगदल संयोजक चंदन दास, प्रचार-प्रसार प्रमुख प्रदीप सिंह, गौरक्षा प्रमुख मनीष सिंह समेत विभिन्न नगरों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संगठन विस्तार के तहत कई कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। अमित सारदा को जुगसलाई प्रखंड अध्यक्ष, विनय शर्मा को गौ रक्षा प्रमुख जुगसलाई, एम भवानी को मातृशक्ति प्रमुख जुगसलाई, सविता ठाकुर को मातृशक्ति प्रमुख बिष्टुपुर, रीना डे को सह प्रमुख बिष्टुपुर, ममता सिंह को मातृशक्ति प्रमुख मानगो, बंदना केसर भारती को सह प्रमुख मानगो, नीता राजन को दुर्गावाहिनी संयोजिका गोविंदपुर, मल्लिका प्रमाणिक को मातृशक्ति प्रमुख कदमा, रिन्की सिंह को सह प्रमुख कदमा, अर्चना सिंह को मातृशक्ति प्रमुख सोनारी, सुनीता सिंह को मातृशक्ति प्रमुख टीचर कॉलोनी मानगो, कमला देवी को सह प्रमुख टीचर कॉलोनी मानगो तथा जया भारती को धर्म प्रसार प्रमुख परसुडीह की जिम्मेदारी दी गई। कार्यक्रम का समापन जय श्रीराम के उद्घोष के साथ हुआ।

Leave a Comment

और पढ़ें