Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड अंतर्गत भिलाई पहाड़ी स्थित ग्रामीण क्षेत्र में राशन वितरण को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने स्थानीय राशन डीलर पर एक्सपायरी और सड़ी हुई दाल बांटने का आरोप लगाया है, जिससे गरीब उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव के राशन डीलर अबोद कुमार दत्ता पर आरोप है कि वे 25 मई 2025 की एक्सपायरी तिथि वाली दाल पिछले कई दिनों से ग्रामीणों के बीच वितरित कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पैकेट बाहर से सामान्य दिखता है, लेकिन अंदर की दाल पूरी तरह सड़ी हुई पाई जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद जिला परिषद प्रतिनिधि Pintu Dutt ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान आरोप सही पाए गए। उन्होंने बताया कि पटमदा क्षेत्र के अन्य राशन दुकानों में 2026 तक वैध दाल वितरित की जा रही है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि गड़बड़ी केवल भिलाई पहाड़ी क्षेत्र में ही हो रही है।
पिंटू दत्त ने आशंका जताई कि इस तरह की अनियमितता किसी पदाधिकारी की मिलीभगत से हो रही हो सकती है, जिससे गरीबों के अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मौके पर पिंटू दत्त ने जिला प्रशासन से शिकायत करते हुए उपायुक्त और बीडीओ से निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था लागू करने की भी मांग की।









