Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा है कि राज्य में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता सुधार और जमीन संबंधी जटिल मामलों के समाधान के लिए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से व्यापक आशाएं हैं।
आज राजधानी स्थित राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात के बाद श्री तिर्की ने बताया कि उन्होंने राज्य में विश्वविद्यालयों एवं अंगीभूत महाविद्यालयों में पठन-पाठन की स्थिति और प्रशासनिक ढांचे में सुधार के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्यपाल इस दिशा में सकारात्मक पहल की मंशा रखते हैं।
जमीन विवादों पर पहल का भरोसा
बंधु तिर्की ने बताया कि राज्यपाल ने झारखंड के कई जमीन विवादों के समाधान को लेकर भी गंभीरता दिखाई है और कहा है कि वे इस दिशा में आवश्यक निर्देश राज्य सरकार को देने की पहल करेंगे। यह राज्य के हजारों प्रभावित लोगों के लिए राहत की उम्मीद जगाता है।
शहजाद अनवर भी रहे साथ
इस महत्वपूर्ण भेंट के दौरान कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष शहजाद अनवर भी श्री तिर्की के साथ उपस्थित थे। दोनों नेताओं ने राज्य के समग्र विकास और शिक्षा व भूमि जैसे अहम मुद्दों पर राज्यपाल को अवगत कराया।









