Jamshedpur : Sudha Gupta और पूर्व मंत्री Banna Gupta ने शुक्रवार को बालीगुमा क्षेत्र स्थित जल मीनार का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ पूरे परियोजना स्थल का गहन अवलोकन करते हुए निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं लंबित कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि जल आपूर्ति योजना के तहत बिछाई जा रही पाइपलाइन का कार्य कई स्थानों पर अधूरा है, जिससे क्षेत्रवासियों को नियमित जलापूर्ति में बाधा हो रही है। इसके अलावा जल मीनार परिसर में उपयोग किए जा रहे कई उपकरण और सामग्री जर्जर अवस्था में पाए गए, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठे।
मेयर सुधा गुप्ता ने इन कमियों पर गंभीर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस प्रकार की लापरवाही जनहित के साथ खिलवाड़ है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिया कि अधूरे पाइपलाइन कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए तथा जर्जर सामग्री को बदलकर उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग कर प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की देरी या अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि सभी मुद्दों का शीघ्र समाधान कर क्षेत्र में सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
मेयर ने अंत में चेतावनी दी कि यदि कार्य में ढिलाई या गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति जैसी बुनियादी सुविधा में बाधा आम जनता के जीवन को सीधे प्रभावित करती है, इसलिए योजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करना अनिवार्य है।









