जमशेदपुर | बागबेड़ा
बागबेड़ा गांधीनगर स्थित यंग बॉयज क्लब द्वारा आयोजित सरस्वती पूजा पंडाल का भव्य उद्घाटन रविवार को श्रद्धा और उल्लास के बीच संपन्न हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में धर्मेंद्र प्रसाद (भाजपा ओबीसी मोर्चा) ने फीता काटकर पंडाल का उद्घाटन किया, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सुनील गुप्ता उपस्थित रहे। क्लब के सदस्यों ने अतिथियों का पुष्प गुच्छ और अंग वस्त्र भेंट कर सम्मान किया।
उद्घाटन के साथ ही पूरे इलाके में भक्तिमय माहौल बन गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां सरस्वती के दर्शन-पूजन के लिए पंडाल पहुंचे। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं की आस्था देखते ही बन रही थी।
ढोलकपुर थीम बनी खास आकर्षण
इस वर्ष पंडाल की साज-सज्जा ढोलकपुर थीम पर आधारित है, जिसने बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक को खासा आकर्षित किया। रचनात्मकता का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए पंडाल निर्माण में बोरों का प्रयोग किया गया है, जिसके माध्यम से सामाजिक संदेश भी दिया गया। वहीं, मां सरस्वती की प्रतिमा को मंदिरनुमा विशेष ढांचे के भीतर स्थापित किया गया है, जो क्लब के सदस्यों की कलात्मक सोच और गहरी धार्मिक आस्था को दर्शाता है।
2014 से निरंतर आयोजन, हर साल नई थीम
क्लब सदस्यों ने बताया कि वर्ष 2014 से यंग बॉयज क्लब द्वारा विधि-विधान के साथ सरस्वती पूजा का निरंतर आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष किसी न किसी नई और अनोखी थीम पर छोटे लेकिन आकर्षक पंडाल का निर्माण किया जाता है, जिससे क्लब ने क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।
आयोजन में जुटी भारी भीड़
उद्घाटन समारोह के दौरान स्थानीय नागरिकों, युवाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब के प्रमुख रवि सिंह, सतीश, करण, संतोष, अंकित, बलराम, प्रिंस, तारिणी पात्रो सहित अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।









