टाटा स्टील के ठेकाकर्मी पर पत्नी की हत्या का आरोप, अवैध संबंध बना विवाद की जड़

SHARE:

Jamshedpur:जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर से एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। महज आठ महीने पहले ब्याही गई काजल कुमारी की 30 दिसंबर को फांसी पर लटकी हुई लाश मिलने के बाद यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मायका पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि साजिशन हत्या करार देते हुए पति और ससुर के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मायका पक्ष के अनुसार, काजल की शादी अप्रैल 2025 में टाटा स्टील में ठेकाकर्मी के रूप में कार्यरत आशीष कुमार सिंह से हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद से काजल को दहेज को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि ससुराल में उसका जीवन लगातार दबाव और तनाव में बीत रहा था।
पति और ससुर पर गंभीर आरोप
इस मामले में पति आशीष कुमार सिंह और उसके पिता रामबदन सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया है। दोनों बागबेड़ा के रामनगर पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास रहते हैं, जबकि काजल का मायका बागबेड़ा लाल बिल्डिंग चौक के पास है।
परिजनों का कहना है कि आशीष का किसी दूसरी युवती के साथ अवैध संबंध था। जब काजल को इसकी जानकारी हुई तो घर में आए दिन विवाद होने लगा। इसी दौरान दहेज की मांग को लेकर उस पर लगातार दबाव बनाया गया और आत्महत्या के लिए उकसाया जाता रहा।
घटना के समय घर पर नहीं था पति
बताया जा रहा है कि जिस वक्त काजल ने फांसी लगाई, उस समय पति घर पर मौजूद नहीं था। सूचना मिलने पर जब वह घर पहुंचा तो काजल फंदे से लटकी हुई मिली। हालांकि मायका पक्ष इस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध मान रहा है और इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या बता रहा है।
फिलहाल बागबेड़ा पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इलाके में इस घटना को लेकर आक्रोश और शोक का माहौल है।

Leave a Comment