Jamshedpur : अखिल भारतीय गोंड आदिवासी संघ के तत्वावधान में रविवार को गढ़बासा स्थित सीपी समिति स्कूल में सावन मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक उत्सव में समाज की महिलाओं और युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रही स्नेह कुमारी, जो थाईलैंड में आयोजित स्ट्रेंगथलिफ्टिंग प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर चुकी हैं। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार उपस्थित थे।
सावन की हरियाली और उत्सव के रंग को सजाने के लिए आयोजित रैंप वॉक प्रतियोगिता में महिलाओं ने मंच पर अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय दिया। प्रतियोगिता में बेबी देवी को ‘सावन क्वीन’ का खिताब मिला, जबकि चंपा देवी द्वितीय, और तरुण देवी तृतीय स्थान पर रहीं। इसके साथ ही शिव-पार्वती और राधा-कृष्ण के रूप में आकर्षक झांकियों व नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को भक्तिमय और सांस्कृतिक सौंदर्य से सराबोर कर दिया। इन प्रस्तुतियों को समाज के सभी वर्गों ने सराहा और खूब आनंद उठाया।
मुख्य अतिथि स्नेह कुमारी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा,
“अपने चरित्र को सूरज की तरह उज्ज्वल बनाइए, ताकि लोग देख कर नजरें झुका लें; चांद की तरह न बनें कि लोग निहारते ही रहें।
जज के रूप में रीता पात्रो और अंजली श्रीवास्तव ने प्रतियोगिता में निर्णायक भूमिका निभाई। इस अवसर पर युवी विंग (यूथ विंग) की भी घोषणा की गई, जिसमें बॉबी शाह के नेतृत्व में 10 युवाओं को टीम में शामिल किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन साहिल अस्थाना ने किया, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी महिला समिति के संरक्षण में संपन्न हुई।
मौके पर संघ के अध्यक्ष दिनेश गोंड, नीतू कुमारी, सोहन शाह, हीरा देवी, अंबे देवी समेत कई गणमान्य और समाज के सदस्य उपस्थित रहे। सावन के इस उल्लासपूर्ण अवसर पर आयोजित यह समारोह नारी सशक्तिकरण, संस्कृति और समाजिक एकता का एक सुंदर उदाहरण बनकर उभरा।









