अपना दल (एस) ने निगमों में निष्कासित नेताओं की नियुक्ति पर जताई आपत्ति, सीएम योगी को लिखा पत्र

SHARE:

BJP UP : उत्तर प्रदेश की राजनीति में नया विवाद उस समय सामने आया जब अपना दल (सोनेलाल) ने पार्टी से निष्कासित किए गए कुछ पूर्व पदाधिकारियों की सरकारी बोर्डों और निगमों में दोबारा नियुक्ति पर कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी ने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

अपना दल (एस) के प्रदेश अध्यक्ष आर.पी. गौतम ने सीएम को भेजे गए पत्र में स्पष्ट लिखा है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते तीन साल पहले ही मोनिका आर्या और अरविंद बौद्ध को पार्टी से निष्कासित किया जा चुका है, फिर भी यूपी सरकार ने उन्हें महत्वपूर्ण पदों पर बनाए रखा है, जो न केवल गठबंधन धर्म के खिलाफ है बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं की भावना के भी विपरीत है।

आरपी गौतम ने पत्र में लिखा अपना दल (एस) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन का मजबूत और ईमानदार घटक दल है। पार्टी वर्षों से प्रदेश सरकार के साथ मिलकर विकास कार्यों को गति दे रही है, लेकिन संगठन विरोधी व्यक्तियों को दोबारा पद देना अनुचित और आपत्तिजनक है।

गौरतलब है कि मोनिका आर्या को पहले अपर शासकीय अधिवक्ता और अरविंद बौद्ध को पूर्वांचल विकास बोर्ड का सदस्य नियुक्त किया गया था। दोनों को ही 3 वर्ष पूर्व अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निष्कासित कर दिया गया था। पार्टी ने मांग की है कि इन पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पदों से हटाया जाए और गठबंधन धर्म की मर्यादा को बनाए रखा जाए।

Leave a Comment