Ranchi : आजसू पार्टी के प्रमुख एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो शुक्रवार को पार्टी के स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लेने खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत इनडोर स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने समारोह से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुदेश महतो के साथ झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर भी मौजूद थे। प्रभाकर ने बताया कि 22 जून को पार्टी बलिदान दिवस के रूप में अपना स्थापना दिवस मना रही है, जिसके लिए राज्यभर के सभी जिलों से हजारों कार्यकर्ता रांची पहुंच रहे हैं।
व्यापक तैयारियों का निर्देश
सुदेश महतो ने मंच, बैठने की व्यवस्था, भोजन, आवासन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। खासकर संथाल परगना और दूरदराज से आने वाले कार्यकर्ताओं की सुविधा के लिए विशेष इंतज़ाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बलिदान दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि पार्टी के संघर्ष और संकल्प को पुनः याद करने का दिन है।
इसके बाद महतो ने समारोह स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और तैयारियों को लेकर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह आयोजन पार्टी की एकजुटता और जनसंपर्क का प्रतीक है।
नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही सक्रिय उपस्थिति
इस मौके पर महानगर अध्यक्ष ज्ञान सिन्हा, हरीश कुमार, रमेश गुप्ता, पीयूष चौधरी, ओम वर्मा, राकेश सिंह, चेतन प्रकाश, अजीत कुमार, प्रकाश मंडल, तौफीक, अमित वर्मा, हबीब, सद्दाम, रोहित महतो, दीपक, राजू, उत्कर्ष महतो, सूरज गुप्ता, जय वास्तव, मनोज महतो, बिशु रजवार, अरुण दांगी, कुणाल महतो, जयदेव नायक, रिजवान, हफ़ीजुल, आरिफ, वसीम, महताब सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
