AIWC Academy of Excellence, बारीडीह में तंबाकू निषेध जागरूकता कार्यक्रम

SHARE:

Jamshedpur:AIWC Academy of Excellence, बारीडीह में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत गुरुवार को प्रभावशाली तंबाकू निषेध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय को औपचारिक रूप से तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान घोषित किया गया और विद्यार्थियों व शिक्षकों को तंबाकू का सेवन न करने की शपथ दिलाई गई।

यह कार्यक्रम सिविल सर्जन, पूर्वी सिंहभूम डॉ. साहिर पाल के निर्देशन तथा जिला नोडल पदाधिकारी (एनसीडी सेल) डॉ. मृत्युंजय धाऊरिया के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। जागरूकता सत्र में जिला परामर्शी मौसमी चटर्जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का नशा सबसे पहले मानसिक स्थिति को प्रभावित करता है। कम उम्र में तंबाकू सेवन शुगर, डायबिटीज और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। उन्होंने चेताया कि भारत आज ओरल कैंसर की “राजधानी” बनता जा रहा है, इसलिए इससे बचाव अत्यंत आवश्यक है। तंबाकू में मौजूद लगभग 4000 जहरीले तत्व शरीर के लगभग सभी अंगों को नुकसान पहुंचाते हैं और समय से पहले मृत्यु का कारण बन सकते हैं।

कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता कुंदन कुमार ने तंबाकू को “मीठा जहर” बताते हुए कहा कि इससे तीन तरह के लोग प्रभावित होते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि तंबाकू कंपनियां 13 से 19 वर्ष के बच्चों को लक्षित कर उन्हें लंबे समय तक ग्राहक बनाने की रणनीति अपनाती हैं। भारत तंबाकू उत्पादन में तीसरे और उपयोग में दूसरे स्थान पर है, जो युवाओं के लिए गंभीर खतरे का संकेत है। नशे से सामाजिक, आर्थिक और शारीरिक समस्याएं उत्पन्न होती हैं।

उन्होंने सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 (COTPA) की जानकारी देते हुए बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर तंबाकू सेवन दंडनीय अपराध है और उल्लंघन पर ₹1000 तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व परिचितों को भी तंबाकू के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। तंबाकू छोड़ने के इच्छुक व्यक्ति सदर अस्पताल स्थित तंबाकू मुक्ति केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और विद्यार्थियों की उपस्थिति में सामूहिक शपथ दिलाई गई। जागरूकता के इस प्रयास से विद्यालय परिसर में स्वस्थ और नशामुक्त वातावरण का संदेश स्पष्ट रूप से दिया गया।

Leave a Comment