Adityapur : झारखंड हाई कोर्ट के निर्देश के बाद आदित्यपुर नगर निगम ने क्षेत्र के विभिन्न होटल और लॉजों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। नगर निगम की उपायुक्त पारुल सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता, सुरक्षा मानकों और कानूनी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करना था।
छापेमारी के दौरान नगर निगम की टीम ने साफ-सफाई की स्थिति, फायर सेफ्टी उपकरण, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, रजिस्टर और रिकॉर्ड मेंटेनेंस सहित वैध ट्रेड लाइसेंस की जांच की। निरीक्षण में पाया गया कि कई होटल निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतर रहे थे। कई होटलों में फायर सेफ्टी उपकरण उपलब्ध नहीं थे, रजिस्टर का समुचित रखरखाव नहीं किया जा रहा था, सीसीटीवी कैमरे या तो लगाए नहीं गए थे या निष्क्रिय पाए गए। इसके अतिरिक्त कई होटल अद्यतन ट्रेड लाइसेंस के बिना संचालित हो रहे थे।
इन गंभीर अनियमितताओं के आधार पर नगर निगम ने पाँच होटल एवं लॉज संचालकों पर जुर्माना लगाया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यह अभियान 15 नवंबर तक लगातार जारी रहेगा। इस दौरान नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर किसी भी होटल या लॉज के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने होटल संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे तत्काल सभी अनिवार्य मानकों का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा लाइसेंस रद्द करने तक की कार्रवाई की जा सकती है।
यह कार्रवाई क्षेत्र में स्वच्छ और सुरक्षित आवासीय सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में नगर निगम की एक सख्त और महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।









