आदित्यपुर के हरिओम नगर में “कन्ज्यूरिंग पार्ट 3” थीम पर बना मां काली का भव्य पूजा पंडाल आकर्षण का केंद्र

SHARE:

Adityapur : हरिओम नगर स्थित मां अंबे यूथ स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित मां काली पूजा इस वर्ष लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। क्लब की ओर से बनाया गया पूजा पंडाल हॉरर फिल्म “कन्ज्यूरिंग पार्ट 3” की थीम पर आधारित है, जिसे देखने के लिए श्रद्धालु और दर्शक लगातार उमड़ रहे हैं।


पूजा पंडाल में लगाई गई आकर्षक लाइटिंग और भूतों की आकृतियों ने इसे और भी रोमांचक बना दिया है। माहौल ऐसा सजीव है कि आगंतुकों को सिनेमाई अनुभव का एहसास हो रहा है। इस अनोखी थीम को साकार करने में बंगाल, बोकारो और आदित्यपुर के कुशल कारीगरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।


आदित्यपुर के प्रसिद्ध कारीगर द्वारा निर्मित मां काली की मनमोहक प्रतिमा पंडाल की शोभा को और बढ़ा रही है। श्रद्धालु प्रतिमा के दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभूति के साथ-साथ कलात्मक सौंदर्य का भी अनुभव कर रहे हैं।


भीड़ को देखते हुए समिति ने वालंटियर्स की तैनाती की है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है।


कमेटी के अध्यक्ष सानू सिंह ने बताया कि पंडाल को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए समिति के सभी सदस्यों ने दिन-रात मेहनत की है। उनका कहना है कि भक्ति और परिश्रम के संगम से ही मां काली की यह पूजा अपने आप में यादगार बन पाई है।

Leave a Comment