Adityapur:आदित्यपुर में पत्रकारिता एक बार फिर मानवता की मिसाल बनकर सामने आई है। आदित्यपुर के वरिष्ठ पत्रकार सुमित सिंह और नवीन प्रधान की संवेदनशीलता, सक्रियता और जिम्मेदार रिपोर्टिंग के चलते डेढ़ माह से लापता युवती जानकी प्रधान को पुलिस के सहयोग से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, जानकी प्रधान सोशल मीडिया के माध्यम से झूठे प्रेमजाल में फंसकर एक युवक के साथ दिल्ली चली गई थी। युवती के भाई मिथुन प्रधान बीते डेढ़ माह से अपनी बहन की तलाश में लगातार भटक रहे थे। इसी क्रम में उन्होंने पत्रकार सुमित सिंह और नवीन प्रधान से संपर्क किया।
मामले की गंभीरता को समझते हुए दोनों पत्रकारों ने इसे प्राथमिकता के आधार पर समाचार के रूप में प्रकाशित किया। खबर प्रकाशित होते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और तकनीकी सहायता से युवती की लोकेशन ट्रेस की गई, जिससे पता चला कि जानकी दिल्ली में है।
इसी बीच, दो दिन बाद जानकी प्रधान ने स्वयं अपने भाई को फोन कर सूचना दी कि वह टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंच चुकी है। सूचना मिलते ही पत्रकार सुमित सिंह और नवीन प्रधान बिना समय गंवाए अपनी निजी वाहन से मिथुन प्रधान को साथ लेकर टाटानगर स्टेशन पहुंचे और युवती की तलाश शुरू की।
काफी खोजबीन के बाद जानकी प्रधान स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर–1 स्थित कोरियर यार्ड के पास बैठी हुई मिली। पत्रकारों ने युवती का हालचाल जाना, उसे सुरक्षित रखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस युवती को अपने साथ थाना ले गई, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उसे सकुशल उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
युवती जानकी प्रधान ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सोशल मीडिया के जरिए उसकी पहचान एक युवक से हुई थी, जो खुद को रोहित बताता था। बाद में पता चला कि युवक ने अपनी पहचान छिपाकर नाम बदलकर संपर्क किया था और वह एक अलग समुदाय से संबंधित है। पूरे घटनाक्रम को देखते हुए मामला लव जिहाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
इस पूरे घटनाक्रम में पत्रकार सुमित सिंह और नवीन प्रधान ने न सिर्फ अपनी पत्रकारिता की जिम्मेदारी निभाई, बल्कि मानवीय संवेदना और सामाजिक सरोकार का भी परिचय दिया, जिसकी स्थानीय लोगों और परिजनों द्वारा सराहना की जा रही है।








