जेएमटी प्लांट के सैकड़ों मजदूर साढ़े तीन साल से बेरोजगार, आरकेएफएल पर एनसीएलटी आदेश की अवहेलना का आरोप

SHARE:

Adityapur  : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित जेएमटी प्लांट के सैकड़ों मजदूर पिछले साढ़े तीन वर्षों से बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। कंपनी के बंद होने के बाद आरकेएफएल द्वारा प्लांट का अधिग्रहण किए जाने के बावजूद पुराने मजदूरों को काम पर नहीं रखा गया है। मजदूरों का आरोप है कि एनसीएलटी के स्पष्ट आदेश के बावजूद प्रबंधन लगातार टालमटोल कर रहा है और बाहरी राज्यों से मजदूर लाकर काम करा रहा है, जो निर्देशों का प्रत्यक्ष उल्लंघन है। इससे स्थानीय मजदूर परिवारों पर आर्थिक संकट दिन-ब-दिन गहराता जा रहा है।

शनिवार को श्रम अधीक्षक और एसडीओ कार्यालय में इस मुद्दे पर बैठक आयोजित की गई, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से आरकेएफएल प्रबंधन का एक भी प्रतिनिधि उपस्थित नहीं हुआ। अधिकारियों ने प्रबंधन की इस उदासीनता पर कड़ी नाराजगी जताई। एसडीओ ने निर्देश दिया है कि अगली निर्धारित तिथि पर कंपनी प्रबंधन की उपस्थिति अनिवार्य होगी, अन्यथा सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।

मजदूरों ने उम्मीद जताई है कि शासन-प्रशासन के हस्तक्षेप से उनकी लंबित समस्या का समाधान जल्द निकलेगा और उन्हें दोबारा रोजगार की राह मिलेगी।

Leave a Comment