Adityapur:आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 में लंबे समय से अधर में लटके जय प्रकाश उद्यान पथ के निर्माण को लेकर निवर्तमान पार्षद नीतू शर्मा एवं स्थानीय निवासियों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। नागरिकों ने घोषणा की है कि यदि उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे 1 नवंबर से नगर निगम कार्यालय के प्रवेश द्वार के पास आमरण अनशन पर बैठेंगे।
निवर्तमान पार्षद नीतू शर्मा ने बताया कि जय प्रकाश उद्यान पथ का निर्माण पिछले कई वर्षों से अटका हुआ है। इस विषय पर उन्होंने कई बार नगर निगम, स्थानीय विधायक और सांसद से गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा, “अब सब्र का बांध टूट चुका है, जब तक सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।”
नागरिकों की पीड़ा और मांग
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि जय प्रकाश उद्यान पथ क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है, जो कई आवासीय इलाकों और सार्वजनिक स्थलों को जोड़ता है। मार्ग के अभाव में न केवल लोगों को असुविधा झेलनी पड़ रही है, बल्कि असामाजिक तत्वों की गतिविधियाँ भी बढ़ गई हैं।
निवासियों ने बताया कि इस क्षेत्र में छेड़खानी, नशाखोरी और अपराध की घटनाएँ बढ़ी हैं, जिसके कारण महिलाएँ और बुजुर्ग सुरक्षित महसूस नहीं करते। नागरिकों ने नगर निगम और वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि “विभागीय अड़चनें और आपसी तालमेल की कमी के कारण यह सड़क आज तक अधूरी पड़ी है।”
प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
निवासियों ने जिला प्रशासन पर भी उदासीन रवैये का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई बार ग्राम सभा, आम सभा और वार्ड सभा आयोजित होने के बावजूद कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
पूर्व पार्षद नीतू शर्मा ने कहा, “जिला प्रशासन बार-बार भ्रम फैलाता है। अब यह स्पष्ट होना चाहिए कि जय प्रकाश उद्यान पथ का निर्माण होगा या नहीं।”
अनशन की चेतावनी
निवासियों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, वे आमरण अनशन समाप्त नहीं करेंगे। उनका कहना है कि यह आंदोलन उनके अधिकार और सुरक्षा से जुड़ा है, और वे अंत तक अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।









