Adityapur : आदित्यपुर के रोड नंबर 31-32 में स्थित श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति भगवती संघ द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा का भव्य उद्घाटन रविवार को संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री मोहन लाल राय, पूर्व आयुक्त, सिंहभूम कोल्हान उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथियों में मुकेश कुमार भगत, शारदा देवी, सरायकेला बार एसोसिएशन के पूर्व संयुक्त सचिव भीम सिंह कुदादा और अन्य गणमान्य अतिथि शामिल हुए।
मुख्य अतिथियों ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर पूजा पंडाल का शुभारंभ किया। समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर स्वागत किया। पूजा पंडाल की भव्य सजावट और आकर्षक डिजाइन ने क्षेत्रवासियों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
समिति के सदस्य एवं जन-जनकल्याण मोर्चा के अध्यक्ष सह अधिवक्ता ओम प्रकाश ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उनका उद्देश्य न केवल माता दुर्गा की पूजा करना है, बल्कि समाज में एकता और सौहार्द का संदेश फैलाना भी है।
पूजा पंडाल का उद्घाटन होते ही आदित्यपुरवासियों में खासा उत्साह देखा गया। लोग बड़ी संख्या में पंडाल देखने और माता दुर्गा की पूजा-अर्चना करने के लिए आए। समिति के सदस्य और स्थानीय लोग मिलकर दुर्गा पूजा को भव्य और यादगार बनाने में जुटे हैं।
समिति ने दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से पूजा-अर्चना कर सकें। आदित्यपुरवासियों को इस दुर्गा पूजा का बेसब्री से इंतजार है और क्षेत्रवासियों ने इसे भव्य और सांस्कृतिक दृष्टि से यादगार बनाने की तैयारी कर रखी है।
