आदित्यपुर में ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी पर कसी लगाम

SHARE:

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले की आदित्यपुर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान फिरदोस अंसारी के रूप में हुई है। उसके पास से 5.31 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फिरदोस अंसारी नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और आरोपी को रंगे हाथ ब्राउन शुगर के साथ पकड़ लिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि जब्त किए गए मादक पदार्थ का नमूना फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने नशे के कारोबार में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गौरतलब है कि हाल ही में आदित्यपुर क्षेत्र में इसी तरह की एक बड़ी कार्रवाई में तीन तस्करों को 207 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में मुख्य आरोपी शाहबाज खान के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत पहले से ही तीन मामले दर्ज हैं।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, और ऐसे अपराधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Comment