आदित्यपुर में अव्यवस्था का आलम, सड़कों पर नीम की टहनियां, वार्डों में कचरे का अंबार, निगम पर लापरवाही के आरोप

SHARE:

Adityapur : आदित्यपुर नगर निगम की कथित लापरवाही और सुस्ती के कारण नगरवासियों को रोजमर्रा की समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। नगर निकाय चुनाव के दौरान मेयर और पार्षदों द्वारा किए गए कई वादे अब तक धरातल पर नहीं उतर पाए हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग स्थित एस टाइप चौक के समीप बीच सड़क पर बड़े नीम पेड़ की मोटी हरी टहनियां फेंकी गई हैं। व्यस्त मार्ग पर इस तरह अवरोधक सामग्री का पड़ा होना गंभीर सड़क दुर्घटना को न्योता दे रहा है। राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी स्थिति केवल एक स्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि नगर निगम क्षेत्र के अधिकांश वार्डों में खुले में कचरे का अंबार लगा हुआ है। नियमित सफाई व्यवस्था नहीं होने से दुर्गंध और बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।

आदित्यपुर एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन भारी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़कों पर पेड़ों की टहनियां और कचरा पड़ा रहना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। नागरिकों का आरोप है कि जिला प्रशासन भी इस मुद्दे पर मौन साधे हुए है।

जन सुविधाओं के प्रति इस प्रकार की अनदेखी न केवल विकास के दावों पर प्रश्नचिह्न लगा रही है, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बनती जा रही है। स्थानीय लोगों ने शीघ्र सफाई अभियान चलाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Comment

और पढ़ें