Aditypur : आदित्यपुर थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें तीन युवकों ने स्वर्णरेखा निवासी मनीष कुमार पांडे पर लगभग 14 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए थाना में शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों में आदित्यपुर-2 निवासी जॉनसन बेंजामिन, रायडीह बस्ती निवासी विजय कुमार और मांगो निवासी ताबीश अब्बासी शामिल हैं।

जॉनसन बेंजामिन ने बताया कि छह साल पहले कोरोना काल में उन्होंने मनीष पांडे की आर्थिक सहायता की थी। इसके एवज में एक एग्रीमेंट और चेक भी तैयार किया गया था। परंतु, जब वे पैसे वापस मांगते हैं, तो उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने और छेड़खानी के आरोप में जेल भेजने की धमकी दी जाती है।

विजय कुमार ने बताया कि तीन साल पहले उन्होंने चार लाख रुपये मनीष पांडे को उधार दिए थे, जो एक साल में लौटाने का वादा किया गया था। लेकिन अब मांगने पर उन्हें भी छेड़खानी के झूठे आरोप में फंसाने की धमकी दी जा रही है।

ताबीश अब्बासी ने कहा कि वर्ष 2019 में कॉलेज के समय मनीष पांडे ने चालीस हजार रुपये उधार लिए थे। उन्होंने तीन-चार महीने में लौटाने की बात कही थी, लेकिन आज तक केवल पंद्रह सौ रुपये ही लौटाए गए हैं। लगातार मांगने पर उन्हें अभद्र भाषा में बात कर टाल दिया जाता है।

इस मामले में जब मनीष कुमार पांडे से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि सभी लेन-देन का रिकॉर्ड मौजूद है और उन्हें जबरन फंसाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल आदित्यपुर थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









