आदित्यपुर में खेतान अजिंकिया कंपनी से 18 लाख के एल्युमिनियम एंगल चोरी का खुलासा, एक गिरफ्तार

SHARE:

Aditypur  : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र फेज-6 स्थित खेतान अजिंकिया कंपनी में बीते 23 अप्रैल को हुई बड़ी चोरी की घटना का आदित्यपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी तबरेज खान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना में अपराधियों ने फर्जी कागजात, फर्जी नंबर प्लेट, ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड का उपयोग कर करीब 18 लाख 3 हजार 706 रुपये मूल्य के 6572.490 किलोग्राम एल्युमिनियम एंगल चोरी कर लिए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के सक्रिय सदस्य तबरेज खान को गिरफ्तार कर लिया गया।

अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय

पुलिस अनुसंधान के दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार के अंतरराज्यीय गिरोह की संलिप्तता सामने आई है। इस गिरोह के विरुद्ध असम, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश एवं बिहार में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। चोरी में प्रयुक्त आईसर ट्रक (रजिस्ट्रेशन संख्या UP61T8647) और 337.50 किलोग्राम खेतान मार्का एल्युमिनियम एंगल को भी पूर्व में बरामद किया जा चुका है। पुलिस द्वारा गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारीगण:

समीर कुमार सवैया (अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी)

विनोद तिर्की (आदित्यपुर थाना प्रभारी)

निरंजन कुमार (अनुसंधानकर्ता)

रामरेखा पासवान

विपुल कुमार ओझा

तकनीकी शाखा के कर्मी

पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जाएगा।

Leave a Comment