Jamshedpur : सिंहभूम जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन एवं तुलसी भवन के तत्वावधान में आयोजित अभिनय प्रशिक्षण कार्यशाला’25 का आज औपचारिक समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। 3 जून से प्रारंभ हुई इस दस दिवसीय कार्यशाला का संचालन वरिष्ठ रंगकर्मी श्री हरि मित्तल द्वारा प्रतिदिन चित्रकूट प्रेक्षागृह में किया गया।
इस कार्यशाला में भाग ले रहे अनेक युवा प्रशिक्षुओं को अभिनय कला की बारीकियों से अवगत कराया गया। कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को अभिनय के विभिन्न तकनीकी और रचनात्मक पहलुओं पर गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रतिभागियों ने पूरे मनोयोग से रंगमंच की विभिन्न विधाओं को सीखा और प्रस्तुत किया।
समापन समारोह में प्रशिक्षुओं द्वारा अपने अभिनय कौशल का मंचीय प्रदर्शन किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित कर पुरस्कृत भी किया जाएगा।
समारोह का आयोजन आज संध्या 6 बजे से चित्रकूट प्रेक्षागृह, तुलसी भवन में किया जाएगा। आयोजन समिति ने समस्त साहित्य प्रेमियों, रंगकर्मियों एवं नगरवासियों से आग्रह किया है कि वे इस कार्यक्रम में उपस्थित होकर युवा कलाकारों का उत्साहवर्धन करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सिंहभूम जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष सुभाषचंद्र मुनका करेंगे। संयोजन विजय भूषण द्वारा तथा समस्त कार्यक्रम का संचालन मानद महासचिव प्रसेनजित तिवारी द्वारा किया जा रहा है।









