
बोरियो/साहिबगंज: थाना क्षेत्र के पंडरिया गांव के समीप बुधवार दोपहर स्कूली वैन और बाईक सवार युवक के बीच जबरदस्त भिंड़त होने से भेला टीकर मंडरो निवासी बाईक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हिमालयन अकादमी विद्यालय का स्कूल वैन छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने के लिए पटलोहरा की ओर जा रहा था तभी विपरीत दिशा से आ रही बाईक से स्कूल वैन की भिंड़त हो गई जिसमें मंडरो भेला टीकर निवासी बाईक सवार युवक गणेश ठाकुर उम्र 23 वर्ष पिता विनोद ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर घायल युवक को बोरियो सीएचसी ले जाया गया जहां डॉ. रोहित कुमार गोंड ने उसका प्राथमिक उपचार किया। वही गंभीर रूप से घायल युवक की गंभीर अवस्था को देखते हुए सीएचसी बोरियो में तैनात चिकित्सक ने उसे फौरन बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वही सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की जानकारी परिजनों को मिलने के बाद उसे 108 एंबुलेंस के जरिए बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल लेकर आए जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. मुकेश कुमार ने फौरन इलाज किया। वही गंभीर रूप से घायल युवक के सिर व चेहरे पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं जिसका इलाज जारी है।।उधर पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
21 नवंबर को ठाकुरगंगटी जाने वाली थी घायल युवक की बारात, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
वही सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक गणेश ठाकुर की शादी आगामी 21 नवंबर को ठाकुरगंगटी में तय हुई थी जिसको लेकर युवक बोरियो थाना क्षेत्र के गढ़गामा में अपने रिश्तेदारों को शादी का कार्ड देने के लिए आया हुआ था। मगर घायल युवक को क्या पता था कि वो जहां अपनी खुशियों का कार्ड बांटने के लिए अपने घर से निकला हुआ है वो किसी सड़क दुर्घटना का शिकार हो जाएगा और उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा होगा। फिलहाल गंभीर रूप से घायल युवक का सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों के देखरेख में इलाज जारी है। जहां चिकित्सकों ने उसे सीटी स्कैन कराने की सलाह दी है।









