सिदगोड़ा सूर्य मंदिर में छठ महोत्सव की भव्य तैयारी, 1100 जरूरतमंदों को मिलेगी पूजा सामग्री

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर में भव्य तैयारियां की जा रही हैं। सूर्य मंदिर समिति की ओर से छठ महोत्सव को धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान करते हुए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत 14 नवंबर को 1100 जरूरतमंद लोगों के बीच छठ पूजा सामग्री का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। वहीं, 15 नवंबर को भव्य छठ सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर और छठ घाट को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जा रहा है।

सूर्य मंदिर समिति के अनुसार, 14 नवंबर 2026, शनिवार को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक मंदिर परिसर में 1100 जरूरतमंद लोगों के बीच छठ पूजा की आवश्यक सामग्री का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगी। वहीं, सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास तथा संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह की भी उपस्थिति रहेगी।

समिति का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को छठ महापर्व के आयोजन में सहयोग देना है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी परिवार पर्व की परंपरा और आस्था से वंचित न रहे।

15 नवंबर, रविवार को शाम 7 बजे सूर्य मंदिर परिसर स्थित शंख मैदान में भव्य छठ सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। इसमें प्रसिद्ध गायिकाएं करीना पांडेय, सावित्री पांडेय और मुंबई की आंखी दास छठ के पारंपरिक, लोक एवं भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति देंगी। कलाकारों की प्रस्तुतियों से श्रद्धालु छठी मैया की भक्ति और लोक संस्कृति के रंग में सराबोर होंगे।

समिति ने स्पष्ट किया है कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रवेश के लिए किसी प्रकार के पास या विशेष आमंत्रण पत्र की आवश्यकता नहीं होगी। कार्यक्रम सभी श्रद्धालुओं, भक्तजनों और शहरवासियों के लिए खुला रहेगा। बैठने की व्यवस्था पहले आने वाले श्रद्धालुओं को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी। समिति ने कहा कि सभी भक्तजन और गणमान्य नागरिक उसके लिए समान रूप से सम्माननीय हैं।

छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सूर्य मंदिर का छठ घाट 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से खोल दिया जाएगा। घाट पर स्थान आवंटन की व्यवस्था पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी। समिति की ओर से किसी प्रकार की अग्रिम बुकिंग या स्थान आरक्षण की व्यवस्था नहीं की गई है। श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने और आयोजन में सहयोग करने की अपील की गई है।

छठ महापर्व को लेकर सूर्य मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में भव्य विद्युत सजावट एवं आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि छठ व्रतियों को भक्तिमय और उत्सवपूर्ण वातावरण मिल सके।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि छठ महोत्सव का आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास और संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सूर्य मंदिर समिति प्रत्येक वर्ष धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करती है। जरूरतमंद परिवारों के बीच छठ पूजा सामग्री का निःशुल्क वितरण इसी सेवा भावना का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सहयोग, समर्पण और लोक संस्कृति का भी प्रतीक है। समिति का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग महोत्सव में शामिल हों और जरूरतमंद परिवार भी पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ छठ पूजा कर सकें।

अंत में भूपेन्द्र सिंह ने जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के सभी श्रद्धालुओं, छठ व्रतियों एवं गणमान्य नागरिकों से सपरिवार सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सूर्य मंदिर समिति सभी भक्तजनों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करती है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें