Jamshedpur : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से आगामी 4 नवंबर, मंगलवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर चुनावी पाठशाला आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा। इसमें मतदान केंद्रों पर नियुक्त बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) और आम नागरिक शामिल होंगे।
चुनावी पाठशाला के दौरान BLO द्वारा नोटिस एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले मतदाताओं के नाम पढ़कर सुनाए जाएंगे। इसके बाद संबंधित मतदाताओं और आम नागरिकों से सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। प्राप्त दावों और आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया भी की जाएगी।
झामुमो ने कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश
इस संबंध में झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर जिले के सभी बूथों पर पार्टी की ओर से नियुक्त BLA-2 तथा स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से 4 नवंबर को निर्धारित समय पर अपने-अपने मतदान केंद्रों में आयोजित चुनावी पाठशाला में उपस्थित रहने को कहा है। साथ ही मतदाता सूची से जुड़े संबंधित विषयों पर आवश्यक सुझाव देने और दावा एवं आपत्तियां यथासंभव लिखित रूप में दर्ज कराने का निर्देश दिया है।
झामुमो जिला अध्यक्ष ने कहा कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल रहे और अयोग्य नामों को लेकर नियमानुसार कार्रवाई हो, इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ता चुनावी पाठशाला में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
















