बोधि सोसाइटी में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया प्रवारणा पूर्णिमा उत्सव

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur: जमशेदपुर बोधि सोसाइटी के तत्वावधान में शरद ऋतु का पावन प्रवारणा पूर्णिमा उत्सव सोसाइटी परिसर में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में परम पूज्य भदंत डॉ. बुद्धपाल महाथेरो तथा परम पूज्य परमानंद भिक्षु की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर आषाढ़ी पूर्णिमा से आश्विनी पूर्णिमा तक तीन महीने के वर्षावास के दौरान श्रद्धा और निष्ठा के साथ अष्टशील का पालन करने वाले उपासक-उपासिकाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान भदंत डॉ. बुद्धपाल महाथेरो ने वर्षावास के 13 उपोसथ दिवसों पर भोजनदान कर पुण्य अर्जित करने वाले श्रद्धालुओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था, त्याग और दान कभी व्यर्थ नहीं जाते। उन्होंने सभी के जीवन में मंगल, शांति और सुख-समृद्धि की कामना की।

फानूस उड़ाकर दिया प्रकाश और सद्भाव का संदेश

सोसाइटी के महासचिव साधन बरुआ ने बताया कि उत्सव के अवसर पर संध्या में आकाश में फानूस उड़ाए गए। उन्होंने कहा कि फानूस उड़ाना अंधकार, लोभ, द्वेष और मोह का त्याग कर प्रकाश के मार्ग पर आगे बढ़ने का प्रतीक है। उन्होंने इस प्रकाश से समाज और पूरे जमशेदपुर के आलोकित होने की मंगलकामना की।

1 नवंबर को होगा कठिन चीवर दान उत्सव

सोसाइटी के अध्यक्ष आलोक रंजन बरुआ ने बताया कि आगामी 1 नवंबर को दानोत्तम कठिन चीवर दान उत्सव का आयोजन किया जाएगा। बौद्ध परंपरा में प्रवारणा पूर्णिमा के बाद एक महीने की अवधि के भीतर कठिन चीवर दान का यह पुण्यकार्य किया जाता है। इस आयोजन के माध्यम से श्रद्धालु दान, सेवा और धार्मिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करेंगे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.