Jamshedpur : भाजपा नेता अनिल मोदी को भाजपा नगर निकाय प्रकोष्ठ, झारखंड प्रदेश का प्रदेश संयोजक मनोनीत किए जाने पर उन्होंने पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताया है। अनिल मोदी ने इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति साधुवाद व्यक्त किया।
अनिल मोदी ने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी के एक सामान्य कार्यकर्ता हैं और संगठन की ओर से अब तक सौंपी गई सभी जिम्मेदारियों का उन्होंने पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी को भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि नगर निकायों से जुड़े मुद्दों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाना तथा संगठन को और मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के सहयोग से वे नई जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे।
संगठन में निभा चुके हैं कई जिम्मेदारियां
वर्तमान में अनिल मोदी जुगसलाई नगर परिषद के निर्वाचित पार्षद हैं और विभिन्न सामाजिक एवं संस्थाओं से भी सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। उन्होंने भाजपा में बूथ स्तर के कार्यकर्ता के रूप में राजनीतिक सफर शुरू किया और संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया।
वे भाजपा के जिला प्रवक्ता और कोल्हान मीडिया प्रभारी के साथ-साथ लगातार तीन कार्यकाल तक भाजपा के जिला महामंत्री भी रह चुके हैं।

















