Jamshedpur : श्री श्याम भटली परिवार चेरिटेबल ट्रस्ट जमशेदपुर की ओर से पुरुलिया स्थित श्याम धाम में मासिक कीर्तन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। श्री गणेश वंदना के साथ शुरू हुआ भजन संध्या का कार्यक्रम देर रात तक चला। इससे पूर्व शाम आठ बजे विधिवत बाबा श्याम की पूजा-अर्चना की गई।
संस्था के अध्यक्ष राजेश पसारी के नेतृत्व में जमशेदपुर, चांडिल और बलरामपुर से 115 श्रद्धालुओं की टीम पुरुलिया धाम पहुंची। महोत्सव के दौरान बाबा श्याम का आकर्षक दरबार सजाया गया। छप्पन भोग, अखंड ज्योत और श्याम रसोई श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहे। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
भजन संध्या में भजन गायकों महावीर अग्रवाल, अर्पिता, नीरज जालान, जुगल शर्मा, लिप्पू शर्मा, सक्षम पलसानिया, लक्ष्य आगीवाल, उमेश खीरवाल और धीरज सरायवाला ने बाबा श्याम के चरणों में भजनों की प्रस्तुति दी।
“खीर जलेबी दाल चूरमा बाबा खावे जम के…” और “हारे के सहारे श्याम” समेत विभिन्न भजनों की प्रस्तुतियों ने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। भजनों की धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और नृत्य करते रहे। पूरे परिसर में बाबा श्याम के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा।
मासिक कीर्तन महोत्सव को सफल बनाने में ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन तक श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।

















