Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक एवं पटना साइंस कॉलेज से भौतिकी में एमएससी कर चुके सरयू राय को आईआईबीएम एवं जाकिर हुसैन शिक्षण संस्थान समूह का मुख्य संरक्षक नामित किया गया है। संस्थान के निदेशक डॉ. रोहित सिंह ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे संस्थान मंडल के सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी।
इस अवसर पर पटना के ज्ञान भवन में संस्थान का 48वां वार्षिक समारोह आयोजित किया गया। समारोह में संस्थान मंडल के सदस्य, शिक्षाविद, पदाधिकारी, शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।
समारोह से पूर्व हुई बैठक में पटना के खुसरूपुर में एकीकृत शैक्षणिक परिसर विकसित करने का निर्णय लिया गया। प्रस्तावित परिसर में विद्यार्थियों को विभिन्न व्यावसायिक, कौशल आधारित और रोजगारपरक शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है।
बैठक में संस्थान के विस्तार, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, नए पाठ्यक्रमों और भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल और रोजगार के लिए आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
संस्थान की ओर से पैरामेडिकल विज्ञान के पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही नवाचार आधारित, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी नए पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को बदलती औद्योगिक और व्यावसायिक जरूरतों के अनुरूप तैयार करना तथा उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाना है।
बैठक में बोर्ड ने स्पष्ट किया कि संस्थान के आगामी विस्तार का केंद्र गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावसायिक कौशल, नवाचार और रोजगारपरक प्रशिक्षण रहेगा।
संस्थान के महानिदेशक प्रो. रोहित सिंह ने कहा कि प्रतिष्ठित जनप्रतिनिधियों, पूर्व प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, शिक्षाविदों तथा विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों से जुड़े लोगों की सहभागिता से संस्थान को भविष्य की योजनाओं और शैक्षणिक विस्तार के लिए व्यापक मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद है।

















