Adityapur : जिले में अवैध शराब के विनिर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं अधीक्षक उत्पाद के निर्देश पर विभागीय टीम ने 29 अगस्त 2026 को नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगीलोंग गांव में छापेमारी कर पांच अवैध चुलाई भट्टियों को ध्वस्त किया।
प्राप्त आसूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 2,400 किलोग्राम जावा महुआ और 60 लीटर महुआ चुलाई शराब बरामद की। बरामद अवैध उत्पाद को विधिवत जब्त कर लिया गया है। वहीं, संबंधित अवैध चुलाई अड्डा संचालकों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन के मुताबिक जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी जोखिम और सामाजिक दुष्प्रभावों को देखते हुए ऐसी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के विनिर्माण एवं बिक्री से जुड़ी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अवैध शराब के कारोबार से जुड़े व्यक्तियों या स्थानों की जानकारी संबंधित विभाग अथवा प्रशासन को दें, ताकि सूचना के आधार पर समय रहते आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
















