Adityapur : राजनगर थाना क्षेत्र में नेटो मेला देखकर लौट रहे दो नाबालिग बाइक सवारों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान सन्नी गोप (16) और सुजीत सरदार (16), निवासी बागबेड़ा, जमशेदपुर के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं और अचानक आमने-सामने आ गईं, जिससे जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों नाबालिग सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही उनके साथी मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को राजनगर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों नाबालिग बिना हेलमेट और सुरक्षा उपकरण के बाइक चला रहे थे, जो हादसे का बड़ा कारण बना। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।











