Saraikela : नगर पंचायत के सफाई कर्मियों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुरू की गई हड़ताल रविवार को समाप्त हो गई। नगर पंचायत अध्यक्ष के साथ हुई सकारात्मक वार्ता और ठोस आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारियों ने काम पर लौटने का निर्णय लिया।
हड़ताल के कारण पिछले कुछ दिनों से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई थी और कई जगहों पर कचरे के ढेर लग गए थे, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। हड़ताल खत्म होने के बाद शहरवासियों ने राहत की सांस ली है।
सफाई कर्मी संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि वे जनहित को ध्यान में रखते हुए और अध्यक्ष के वादों पर भरोसा जताते हुए कार्य पर वापस लौट रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार से सफाई कर्मी पूरे शहर में विशेष अभियान चलाकर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट जाएंगे। इस दौरान सिटी मैनेजर सुमित सुमन भी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने सफाई व्यवस्था को जल्द सामान्य करने का भरोसा दिलाया।











