Jamshedpur : टाटा क्षेत्र स्थित बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल में 2 मई 2026 को विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम उपलब्धियों को सम्मानित करने के लिए एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के साथ-साथ उनकी मेहनत और समर्पण को पहचान देना था।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण और मधुर स्वागत गीत से हुई, जिसके बाद दीप प्रज्वलन कर औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बाल्डविन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक (प्रशासन) डॉ. राजीव रंजन सिन्हा, सचिव प्रभास कुमार, निदेशक (शैक्षणिक) डॉ. अशोक सिंह, प्राचार्या डॉ. शुभश्री सरकार एवं प्रशासक सचिन कुमार उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
प्राचार्या डॉ. शुभश्री सरकार ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और अनुशासन की सराहना करते हुए अभिभावकों से विद्यालय के साथ निरंतर सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया।

सम्मान समारोह को चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया गया। सबसे पहले कक्षा I से V तक के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके बाद एक प्रेरणादायक गीत की प्रस्तुति हुई। तत्पश्चात कक्षा VI से VIII तक के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को ‘स्कॉलर बैज’ प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अगले चरण में निदेशक (शैक्षणिक) डॉ. अशोक सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति केंद्रित रहने और निरंतर प्रयास करते रहने की प्रेरणा दी। उनके संबोधन के बाद कक्षा IX से XI तक के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
डॉ. अशोक सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उनकी सतत निगरानी और मार्गदर्शन से विद्यार्थी न केवल विद्यालय स्तर, बल्कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
कार्यक्रम का समापन विद्यालय गीत और राष्ट्रगान के साथ देशभक्ति के माहौल में किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना और उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।










