घाटशिला प्रेस क्लब की बैठक में भवन निर्माण की घोषणा, विधायक ने दिया जल्द निर्माण का आश्वासन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर घाटशिला प्रेस क्लब की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय होटल जेएन पैलेस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मो. परवेज ने की, जिसमें सोमेश चंद्र सोरेन सहित अनुमंडल क्षेत्र के बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए।

बैठक में संगठन को सशक्त बनाने और पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान प्रेस क्लब के लिए स्थायी भवन निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। अध्यक्ष मो. परवेज ने विधायक को मांगपत्र सौंपते हुए पत्रकारों के लिए समर्पित भवन की आवश्यकता बताई।

विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने इस मांग को स्वीकार करते हुए जल्द निर्माण का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि इसके लिए तीन संभावित स्थलों का चयन किया जा चुका है और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर विधायक निधि से निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और पत्रकारों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी।

विधायक ने अपने दिवंगत पिता एवं पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के सपनों का जिक्र करते हुए घाटशिला को एजुकेशन हब और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास जारी रहने की बात कही।



बैठक में पत्रकारों के ग्रुप इंश्योरेंस, रजिस्ट्रेशन और बैंक खाता खोलने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए। साथ ही, हजारीबाग में पत्रकारों के साथ कथित बदसलूकी की घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

कार्यकारी अध्यक्ष सुशील अग्रवाल ने कहा कि पत्रकारों पर किसी भी प्रकार का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महासचिव रुपेश दूबे और कोषाध्यक्ष पंकज सिंह ने बताया कि कम समय में प्रेस क्लब ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण उपाध्यक्ष मुरारी प्रसाद ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन राहुल सिंह ने किया। संचालन महासचिव रुपेश दूबे द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के 63 सदस्यों के बीच पहचान पत्र का वितरण भी किया गया।

मजदूर दिवस के अवसर पर आयोजित इस तीसरी आम बैठक में सदस्यों की सक्रिय भागीदारी पर आभार व्यक्त किया गया। 26 जनवरी 2026 को गठन के बाद से घाटशिला प्रेस क्लब लगातार सशक्त हो रहा है। अब तक 63 सदस्यों के आई कार्ड जारी किए जा चुके हैं और लेटर पैड व बैनर तैयार हो चुके हैं।

बैठक में प्रेस क्लब भवन निर्माण की घोषणा को ऐतिहासिक बताया गया। साथ ही ग्रुप इंश्योरेंस, रजिस्ट्रेशन और बैंक खाता खोलने के निर्णय लिए गए। संगठन की एकता बनाए रखने के लिए पैरेलल कमेटी में शामिल कुछ सदस्यों को फिलहाल निलंबित करने का निर्णय लिया गया, हालांकि पुनः सदस्यता के लिए आवेदन का विकल्प खुला रखा गया है।

प्रेस क्लब ने संदेश में कहा कि सभी सदस्यों का सहयोग ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.