Jamshedpur:गोलमुरी क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना ने बुधवार शाम हत्या का रूप ले लिया। नामदा बस्ती निवासी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाजपा समर्थक कन्हैया यादव की टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) में इलाज के दौरान मौत हो गई। सुबह गोलमुरी थाना से महज कुछ ही दूरी पर स्थित टीनप्लेट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में टहलने के बाद बैठे रहने के दौरान अज्ञात अपराधियों ने उनके सिर और छाती में गोली मार दी थी।
इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, दिनेश कुमार, बिनोद सिंह एवं गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय समेत कई नेता टीएमएच पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू को भी मामले से अवगत कराया गया।
जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने इस हत्या को शहर की गिरती कानून-व्यवस्था का भयावह उदाहरण बताया। उन्होंने एसएसपी से दूरभाष पर बातचीत कर मामले के शीघ्र उद्भेदन और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि थाना से कुछ ही दूरी पर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर देना यह दर्शाता है कि अपराधियों का मनोबल चरम पर है और पुलिस प्रशासन पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।
विधायक पूर्णिमा साहू ने यह भी कहा कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से पुलिस कोई सबक नहीं ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब इंटरपोल की ओर से शहर को आतंकी खतरे के मद्देनजर हाई अलर्ट पर रहने का इनपुट मिला हुआ है, ऐसे समय में शहर के बीचोंबीच हत्या हो जाना गंभीर लापरवाही को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान हालात ने आम नागरिकों में भय का वातावरण पैदा कर दिया है और दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
वहीं, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने जिला प्रशासन और झामुमो-कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि गोलमुरी थाना के समीप हत्या की घटना यह साबित करती है कि अपराधियों में पुलिस का कोई भय नहीं रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में अपराधियों को खुली छूट मिली हुई है और पुलिस प्रशासन राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है।
संजीव सिन्हा ने कहा कि शहर में हत्या, चोरी, छिनतई और अपहरण की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जबकि प्रशासन असहाय दिखाई दे रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो भाजपा सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी। साथ ही, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।








