Adityapur: नगर निकाय आम निर्वाचन–2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से सरायकेला–खरसावां जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में शुक्रवार, 06 फरवरी 2026 को सूचना भवन, सरायकेला स्थित नगर भवन एवं एनआर भवन में निगरानी दलों और सेक्टर पदाधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण प्रशिक्षण कोषांग द्वारा दो पालियों में संपन्न कराया गया।
प्रथम पाली में एनआर भवन में उड़न दस्ता दल (FST), स्थैतिक निगरानी दल (SST) तथा वीडियो सर्विलांस टीम (VST) को प्रशिक्षण दिया गया। उड़न दस्ता दल को चुनावी क्षेत्र में अत्यधिक प्रचार व्यय, रिश्वत के रूप में नकद अथवा वस्तुओं के वितरण, अवैध शराब और असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही, उनके द्वारा की गई कार्रवाई की दैनिक रिपोर्ट निर्वाचन व्यय लेखा कोषांग, पुलिस अधीक्षक एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
स्थैतिक निगरानी दल (SST) को जिले के निर्धारित चेक पोस्टों पर तैनाती, अन्य जिलों से आने-जाने वाले वाहनों, जिले के भीतर संचालित सभी प्रकार के वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने का प्रशिक्षण दिया गया। विशेष रूप से भारी मात्रा में नकद राशि, अवैध हथियार, गोला-बारूद एवं शराब के अवैध आवागमन पर सतत निगरानी रखने पर जोर दिया गया। एसएसटी को भी प्रतिदिन की कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन निर्वाचन व्यय लेखा कोषांग, आरओ, पुलिस अधीक्षक एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी को भेजने के निर्देश दिए गए।
वीडियो सर्विलांस टीम (VST) को नगरपालिका क्षेत्रों में होने वाली प्रत्येक संवेदनशील गतिविधि, जनसभा, रैली एवं जुलूस की संपूर्ण वीडियोग्राफी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि वीडियोग्राफी के माध्यम से संकलित साक्ष्य का उपयोग आवश्यकता पड़ने पर अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत निर्वाचन व्यय लेखा के सत्यापन में किया जाएगा। टीम को निर्वाचन एवं अन्वेषण अनुदेशिका के प्रावधानों के अनुरूप कार्य करने को कहा गया।
द्वितीय पाली में नगर भवन, सरायकेला के सभागार में सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान उन्हें मतदान से पूर्व की तैयारियों, मतदान के दिन उनके दायित्वों, मतदान प्रक्रिया तथा आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कोषांग द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया की सुचिता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करना बताया गया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण एवं विश्वासपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी स्तरों पर सतत निगरानी और सख्त अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।









