टाटा डी.ए.वी पब्लिक स्कूल नोवामुंडी में महात्मा नारायण दास ग्रोवर की पुण्यतिथि श्रद्धा से मनाई गई

SHARE:

Guwa: नोवामुंडी स्थित टाटा डी.ए.वी पब्लिक स्कूल में गुरुवार, 6 फरवरी 2026 को महान शिक्षाविद एवं डी.ए.वी संस्थानों के प्रेरणास्रोत महात्मा नारायण दास ग्रोवर की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य प्रशांत कुमार भूयान द्वारा महात्मा नारायण दास ग्रोवर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम के प्रारंभिक सत्र में संगीत शिक्षक अरविंद ठाकुर के निर्देशन में छात्र-छात्राओं द्वारा भजन प्रस्तुति दी गई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद आज के प्रमुख वक्ता शिक्षक राजेश राम ने महात्मा नारायण दास ग्रोवर के जीवन और कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि महात्मा ग्रोवर (15 नवंबर 1923 – 6 फरवरी 2008) भारत के महान शिक्षाविद और आर्य समाज के सक्रिय कार्यकर्ता थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन डी.ए.वी पब्लिक स्कूलों के विकास और विस्तार के लिए समर्पित कर दिया।

राजेश राम ने अपने संबोधन में यह भी उल्लेख किया कि महात्मा नारायण दास ग्रोवर को पूर्वी भारत में डी.ए.वी स्कूलों के संस्थापक के रूप में जाना जाता है। उनके प्रयासों से देशभर में 200 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना हुई, जो आज भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र बने हुए हैं।

संस्कृत शिक्षक सुरेश पंडा ने अपने वक्तव्य में कहा कि महात्मा नारायण दास ग्रोवर ने निस्वार्थ भाव से अपना जीवन शिक्षा और समाज सेवा में अर्पित कर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके जीवन मूल्यों, आदर्शों और सेवा भावना को आत्मसात करने का आह्वान किया।

विद्यालय के प्राचार्य प्रशांत कुमार भूयान ने अपने संबोधन में महात्मा ग्रोवर को एक कुशल प्रशासक, दूरदर्शी शिक्षाविद और समाजसेवी बताया। उन्होंने कहा कि महात्मा ग्रोवर के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं और हम सभी का दायित्व है कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके कार्यों को आगे बढ़ाएं।

इस अवसर पर विद्यालय में कूट प्रश्नोत्तरी, चित्रांकन, लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक मानस रंजन मिश्र ने किया। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में सी.सी.ए प्रभारी डी. के. देव की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जबकि अनुशासन व्यवस्था को बनाए रखने में क्रीड़ा शिक्षक हर्ष धनवार ने सहयोग किया। तकनीकी सहायता शिक्षिका कुसुम कुमारी के साथ शिक्षिका जे. रमा ने प्रदान की।
कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया, जिससे पूरे आयोजन का वातावरण गरिमामय और प्रेरणादायी बन गया।

Leave a Comment