भाजपा का दांव—संजय सरदार मेयर प्रत्याशी घोषित, प्रभासिनी कालुंडिया ने नामांकन लिया वापस

SHARE:

Adityapur:आदित्यपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा ने बड़ा और रणनीतिक फैसला लेते हुए एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजय सरदार को मेयर पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इस फैसले के साथ ही चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ होती नजर आ रही है और राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।

पार्टी के पूर्व समर्थित प्रत्याशी प्रभासिनी कालुंडिया ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। उन्होंने खुले तौर पर संजय सरदार के समर्थन में चुनाव प्रचार करने की घोषणा भी की है, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा इस चुनाव में किसी भी तरह की अंदरूनी खींचतान से बचते हुए एकजुट होकर मैदान में उतरना चाहती है।

सूत्रों के मुताबिक यह निर्णय भाजपा की एक उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया, जिसमें राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की मौजूदगी ने बैठक को खास बना दिया। लंबी चर्चा के बाद सर्वसम्मति से संजय सरदार के नाम पर मुहर लगी, जिससे संगठन में स्पष्ट संदेश गया कि पार्टी नेतृत्व पूरी तरह उनके साथ खड़ा है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संजय सरदार को आगे कर भाजपा ने सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश की है। एसटी वोट बैंक के साथ-साथ संगठन के परंपरागत कैडर वोटर्स को एकजुट करना इस रणनीति का मुख्य उद्देश्य माना जा रहा है। आने वाले दिनों में यह फैसला चुनावी परिणामों को किस दिशा में ले जाएगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें