Jamshedpur : मानगो नगर निगम (Mango Municipal Corporation) की ओर से अधिक दर में कम ताकत वाले पेवर्स लगवाने के निर्णय पर सवाल उठने लगे हैं। भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने आरोप लगाया है कि एक ही अधिकारी द्वारा एक ही जिले में दो अलग-अलग मानदंडों पर निविदा निकाली गई है, जो भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।
विकास सिंह ने कहा कि हाल में जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी (JNAC) और मानगो नगर निगम दोनों के लिए निकाली गई निविदाओं में स्पष्ट मतभेद है। JNAC क्षेत्र में M-40 ग्रेड के पेवर्स लगाने की निविदा निकाली गई है, जिसकी दर 798 रुपये प्रति वर्ग मीटर है। मानगो नगर निगम क्षेत्र में M-35 ग्रेड के पेवर्स लगाने की निविदा निकाली गई है, जिसकी दर 890.56 रुपये प्रति वर्ग मीटर है। उन्होंने सवाल किया कि जब M-35 ग्रेड की ताकत कम है, तो उसकी दर M-40 ग्रेड से अधिक क्यों रखी गई है।
विकास सिंह ने उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, जो दोनों ही जगहों के प्रभारी हैं, पर आरोप लगाते हुए कहा कि मानगो की तीन लाख से अधिक आबादी के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने इसे “कमीशन के खेल” का नतीजा बताते हुए कहा कि “एक ही अधिकारी के द्वारा एक ही जिले में दो प्रकार का दर और दो प्रकार का मापदंड, वह भी कमजोर की कीमत अधिक और मजबूत की कीमत कम, यह एक बहुत बड़ा भ्रष्टाचार है।”
उन्होंने उपायुक्त से मांग की कि इस मामले की जांच वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों की टीम बनाकर कराई जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। विकास सिंह ने साथ ही आरोप लगाया कि हाल के महीनों में थाना, बिजली विभाग, पेयजल विभाग, नगर निगम और अंचल कार्यालय में घूसखोरी के मामले बढ़े हैं, जिन्हें भी जांच के दायरे में लाया जाना चाहिए।
