जमशेदपुर में आयोजित समारोह में अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ल को मिला झारखंड गौरव सम्मान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर। अखिल भारतीय सैल्यूट तिरंगा संगठन की ओर से रविवार को माइकल जान ऑडिटोरियम, जमशेदपुर में भव्य झारखंड गौरव सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर झारखंड स्टेट बार काउंसिल के वाइस चेयरमैन एवं राज्य के वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ल को झारखंड गौरव सम्मान और अधिवक्ता रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया।राजेश शुक्ल को यह सम्मान झारखंड में पिछले तीन दशक से अधिवक्ताओं के हितों और कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने तथा लोकहित के कार्यों में उनकी सराहनीय भूमिका के लिए प्रदान किया गया।

समारोह में झारखंड भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. यदुनाथ पांडेय, झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक श्री सरयू राय, तथा सैल्यूट तिरंगा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजेश झा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इन सभी गणमान्य व्यक्तियों ने संयुक्त रूप से श्री शुक्ल को सम्मान पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर डॉ. यदुनाथ पांडेय ने कहा—

“झारखंड स्टेट बार काउंसिल के वाइस चेयरमैन और वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ल, झारखंड के अधिवक्ताओं के गौरव हैं। अधिवक्ताओं के कल्याण और संगठनात्मक मजबूती के लिए उन्होंने जो कार्य किया है, वह अद्वितीय और अनुकरणीय है। राजनीतिक क्षेत्र में भी उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। लोकहित के लिए किए गए उनके कार्यों की जितनी भी सराहना की जाए, वह कम है।”

वहीं विधायक श्री सरयू राय ने कहा कि अधिवक्ता राजेश शुक्ल ने अपने लंबे अनुभव और निस्वार्थ सेवा भाव से न सिर्फ अधिवक्ताओं का विश्वास अर्जित किया है बल्कि समाज और राज्य के विकास में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद भावुक होते हुए श्री शुक्ल ने कहा—

“यह सम्मान वास्तव में मेरा नहीं, बल्कि झारखंड के सभी अधिवक्ताओं का है। यह मैं उन्हें समर्पित करता हूँ। उनका साथ और समर्थन ही मेरा सबसे बड़ा संबल है। आने वाले समय में भी मैं अधिवक्ताओं और आमजन के हित में कार्य करता रहूँगा।”

समारोह में बड़ी संख्या में अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। मंच पर सम्मानित अतिथियों ने संगठन के सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रीय एकता के लिए सैल्यूट तिरंगा द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।

The specified slider id does not exist.