अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी समीर सरदार फरार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। डीएसपी मनोज ठाकुर के नेतृत्व में आठ घंटे तक चले इस अभियान में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी समीर सरदार फरार बताया जा रहा है।

पुलिस ने फैक्ट्री से बरामद किए हथियार और मशीनें

छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह पिस्टल, हथियार बनाने के कई उपकरण और तीन लेथ मशीनें जब्त कीं। चौंकाने वाली बात यह रही कि यह फैक्ट्री सोनारी के टीलब भट्टा टीओपी से महज 20 फीट की दूरी पर चलाई जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखिंदर सरदार और उसके सहयोगी के रूप में हुई है।

मृत अपराधी के घर से चल रहा था अवैध कारोबार

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह गन फैक्ट्री पिछले एक साल से संचालित हो रही थी। हथियार बनाने का काम मृत अपराधी टीलब सरदार के मकान से किया जा रहा था। आरोपियों ने शक से बचने के लिए घर के सामने बैग बेचने की दुकान का नाटक रच रखा था, ताकि पुलिस या स्थानीय लोगों की नजर न पड़े।

ओडिशा-बिहार तक फैला नेटवर्क

डीएसपी मनोज ठाकुर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि फरार आरोपी समीर सरदार बिहार के ग्राहकों को पिस्टल की सप्लाई करता था। फिलहाल उसकी तलाश में पुलिस ओडिशा और सरायकेला के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

देर रात तक चला जब्ती का काम

पुलिस ने बताया कि देर रात तक जब्त किए गए हथियार, उपकरण और मशीनों को ट्रक में लादकर थाने भेजने की प्रक्रिया चलती रही। अधिकारियों का दावा है कि मुख्य आरोपी समीर सरदार को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Leave a Comment

The specified slider id does not exist.