संजय सिंह यादव एक बार फिर बने झारखंड RJD के प्रदेश अध्यक्ष, 2 उम्मीदवारों के नामांकन रद्द

SHARE:

Ranchi : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में एक बार फिर विधायक संजय सिंह यादव निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। 14 जून को अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवारों—संजय सिंह यादव, अभय सिंह और सदाकत हुसैन अंसारी—ने नामांकन दाखिल किया था।

हालांकि, सोमवार को हुई नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी (जांच) के बाद मुख्य निर्वाची पदाधिकारी गिरधारी गोप ने केवल संजय सिंह यादव के नामांकन को वैध माना। शेष दो उम्मीदवारों के नामांकन में त्रुटियां पाए जाने पर उन्हें खारिज कर दिया गया।

जारी किए गए आधिकारिक पत्र के अनुसार, एकमात्र वैध उम्मीदवार होने के चलते संजय सिंह यादव का निर्वाचन निर्विरोध घोषित कर दिया गया। अब वे आगामी 2025-28 के कार्यकाल के लिए पार्टी के झारखंड इकाई की कमान संभालेंगे।

विवाद और विरोध के सुर

हालांकि, स्क्रूटनी के दौरान विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हुई। पार्टी कार्यालय से बाहर आते वक्त अभय सिंह ने आरोप लगाया कि नामांकन में प्रस्तावक के रूप में राज्य परिषद सदस्य की अनिवार्यता का नियम एकतरफा तरीके से लागू किया गया। उन्होंने इस प्रक्रिया को “मनमानी” करार दिया और कड़ी आपत्ति दर्ज की।

उनके समर्थक अजीत कुमार मुकुल के साथ उन्होंने विरोध जताया, जिससे माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया और पार्टी कार्यालय में पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी।

दूसरे अस्वीकृत उम्मीदवार सदाकत हुसैन अंसारी ने भी अपने नामांकन खारिज होने को अनुचित ठहराया है। उन्होंने इस पूरे मामले को राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष उठाने की बात कही है।

संगठन की मजबूती या लोकतंत्र पर सवाल?

एक ओर जहां संजय सिंह यादव की लगातार दूसरी बार ताजपोशी से समर्थक उत्साहित हैं, वहीं उम्मीदवारों के नामांकन रद्द होने और उभरते विवाद ने पार्टी के आंतरिक लोकतंत्र को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब देखना यह होगा कि पार्टी नेतृत्व इस मामले को कैसे संभालता है और क्या असंतुष्टों को संतुष्ट करने की कोई पहल होती है या नहीं।

Leave a Comment

और पढ़ें