रानी गुप्ता के नेतृत्व में सामाजिक सेवा और महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन रहा है राष्ट्रीय भ्रष्टाचार नियंत्रण जन कल्याण संगठन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : लौहनगरी जमशेदपुर में राष्ट्रीय भ्रष्टाचार नियंत्रण जन कल्याण संगठन निरंतर समाज सेवा की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। वर्ष 2014 से सक्रिय यह संगठन, विशेष रूप से महिलाओं के उत्थान और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में लगातार प्रयासरत है।

संस्था की उप निदेशक रानी गुप्ता के नेतृत्व में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। उनके मार्गदर्शन में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र, चायपत्ती पैकिंग यूनिट और हस्तकला आधारित विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है, जिससे दर्जनों जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।

रानी गुप्ता का मानना है कि यदि एक महिला सशक्त होती है, तो पूरा परिवार और समाज सशक्त बनता है। इसी विचारधारा को आधार बनाकर संगठन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण और रोजगार उपलब्ध कराने का कार्य कर रहा है।

कोरोना काल के दौरान जब जनजीवन ठहर-सा गया था, तब रानी गुप्ता और उनकी टीम ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई। संस्था द्वारा जरूरतमंदों के बीच भोजन, राशन, मास्क, सैनिटाइज़र, ऑक्सीजन सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया गया। लगभग 5,000 मास्क मुफ्त में वितरित किए गए और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए गए।

इसके अलावा, संस्था द्वारा समय-समय पर स्वच्छता अभियान, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। हाल ही में भालूबासा हरिजन बस्ती में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच जर्सी, फुटबॉल व अन्य सामग्री वितरित की गई।

स्वास्थ्य सहायता के क्षेत्र में भी संगठन ने जरूरतमंद मरीजों के टीएमसी में इलाज हेतु बिल माफ करवाकर सराहनीय योगदान दिया है।

स्थानीय प्रशासन, समाजसेवियों एवं आम नागरिकों द्वारा संगठन की गतिविधियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है। संगठन का उद्देश्य केवल भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरूकता फैलाना ही नहीं, बल्कि सामाजिक सुधारों की दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाना भी है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें