पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने जमशेदपुर में निजी स्कूलों में अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिला शिक्षा पदाधिकारी को सात सूत्री मांगपत्र सौंपा

SHARE:



जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी ने निजी स्कूलों की मनमानी और सुनियोजित अनियमितताओं के खिलाफ आज जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कार्यालय, धातकीडीह में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार को सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। जिलाध्यक्ष दुबे ने निजी स्कूलों द्वारा की जा रही अनियमितताओं को विस्तार से रखा, जिन पर शिक्षा पदाधिकारी ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सभी निजी स्कूलों के प्रबंधन को जल्द ही तलब करेगा और नियमों को सख्ती से लागू करेगा।

ये प्रमुख मांगें रखी गईं

मांग पत्र में कांग्रेस ने निजी स्कूलों की अव्यवस्थाओं को नियंत्रित करने के लिए निम्नलिखित बिंदु उठाए:

री-एडमिशन के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूली : अधिकांश निजी स्कूल ‘बिल्डिंग डेवलपमेंट चार्ज’ और ‘मेंटेनेंस चार्ज’ के नाम पर मनमानी वसूली कर रहे हैं। इसकी उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की गई।

तीन महीने की एकमुश्त फीस वसूली : एक साथ तीन-तीन माह का शुल्क वसूले जाने से अभिभावकों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

हर साल सिलेबस और किताबों में बदलाव : निजी स्कूलों द्वारा हर वर्ष पुस्तकों और पाठ्यक्रम में बदलाव कर अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक दबाव डाला जा रहा है।

निर्धारित दुकानों से ड्रेस खरीदने का दबाव : कई स्कूलों द्वारा अभिभावकों पर विशेष दुकानों से यूनिफॉर्म खरीदने का दबाव डाला जा रहा है।

नियमावली के अधीन संचालन : सभी निजी स्कूलों को सरकारी नियामक के तहत संचालित करने की मांग रखी गई, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

BPL छात्रों के लिए शिक्षा का विस्तार : संत मैरीज इंग्लिश हाई स्कूल में वर्तमान में कक्षा 8 तक ही BPL छात्रों को पढ़ाया जा रहा है। कांग्रेस ने इसे कक्षा 12 तक बढ़ाने की मांग की।

फीस वृद्धि पर रोक : हर वर्ष मनमानी फीस बढ़ोतरी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।


BPL छात्रों के सम्मान की चिंता

जिलाध्यक्ष दुबे ने एक गंभीर सामाजिक मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि BPL कोटा के तहत दाखिला पाए छात्रों को लेकर कक्षा में हीनभावना का वातावरण बनता है, जिसे खत्म करना जरूरी है। इस पर शिक्षा पदाधिकारी ने गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिलाया।

कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस कमिटी ने स्पष्ट किया कि यदि मांगे पूरी नहीं हुईं, तो हजारों अभिभावकों के साथ मिलकर ‘घेरा डालो, डेरा डालो’ आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने सरकार को चेताते हुए कहा कि यदि निजी स्कूलों की मनमानी पर रोक नहीं लगी, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य के शिक्षा मंत्री के निर्देशों के बावजूद निजी स्कूलों की मनमानी पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जो सीधे तौर पर सरकार के निर्देशों को चुनौती देना प्रतीत होता है।

प्रमुख नेता रहे मौजूद

प्रदर्शन कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के साथ प्रदेश सचिव राकेश कुमार तिवारी, सामंता कुमार, जिला उपाध्यक्ष राजकिशोर यादव, अवधेश सिंह, रामलाल प्रसाद पासवान, ब्रजेंद्र तिवारी, मनोज झा, जसवंत सिंह जस्सी, संजय सिंह आजाद, सुखदेव सिंह मल्ली, सनी सिंह, प्रभात ठाकुर, संजय तिवारी, फिरोज खान, बबन शुक्ला, कमर रजा खान, पप्पू शुक्ला, राजीव मिश्र, अजय शर्मा, नलिनी सिन्हा, बबुआ झा, राजा ओझा, मुन्ना मिश्रा, उपेंद्र नाथ वर्मा, ज्योति मिश्र, राजकुमार वर्मा, रंजीत झा, सुनीता ओझा, विनोद यादव, मनोज उपाध्याय, कुमार गौरव, अमर कुमार मिश्र, कौशल प्रधान, प्रशांतजीत सेन, मुन्ना सिंह, फरहत बेगम, सुशील घोष, हरिहर प्रसाद और मो. सलीम समेत कई कांग्रेसजन मौजूद रहे।


Leave a Comment