JMM Students morcha protest education fraud  कोल्हान विश्वविद्यालय के टाटा कॉलेज के खाते से करोड़ों रुपये की अवैध निकासी के मामले में झारखंड छात्र मोर्चा ने जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

SHARE:

Jamshedpur :झारखंड छात्र मोर्चा के कोल्हान सचिव पप्पू यादव ने कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले टाटा कॉलेज के खाते से करोड़ों रुपये की अवैध निकासी पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह राशि विश्वविद्यालय के अधिकारियों का व्यक्तिगत धन नहीं है, बल्कि यह कोल्हान प्रमंडल के गरीब, पिछड़े और अति पिछड़े छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए दी जाती है। अधिकारियों द्वारा इस राशि का दुरुपयोग छात्रों के अधिकारों का हनन है।


पप्पू यादव ने आशंका जताई कि इस घोटाले में विश्वविद्यालय के कुलसचिव, वित्तीय अधिकारी और कुछ प्राचार्य भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने झारखंड छात्र मोर्चा की ओर से इस घोटाले की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पिछले पांच वर्षों के खातों की जांच की मांग

उन्होंने मांग की कि पिछले पांच वर्षों में कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले सभी 20 कॉलेजों के अकाउंट A की जांच कर यह पता लगाया जाए कि पूर्व कुलसचिव और वित्तीय अधिकारियों ने किस प्रकार अपने अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए सरकारी राशि की निकासी की है। इसके साथ ही सभी कॉलेजों की सरकारी ऑडिट करवाई जाए, क्योंकि वर्तमान में प्राचार्य प्राइवेट ऑडिट करवाते हैं, जो उनकी सुविधानुसार रिपोर्ट तैयार करते हैं।

छात्र संघों को मिलने वाली राशि का भी खुलासा हो

2018 के बाद से छात्र संघों को मिलने वाली राशि अब तक प्रदान नहीं की गई है। झारखंड छात्र मोर्चा ने इस राशि के उपयोग की जांच की मांग भी की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह राशि किसने और कैसे खर्च की है।

बी.एड कॉलेजों के खातों की भी हो जांच

पप्पू यादव ने विशेष रूप से कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले बी.एड कॉलेजों जैसे—G.S.C.W B.Ed कॉलेज, कोऑपरेटिव बी.एड कॉलेज, महिला बी.एड कॉलेज चाईबासा और बहरागोड़ा बी.एड कॉलेज के पिछले पांच वर्षों के अकाउंट A से की गई निकासी की जांच करने की मांग की है। साथ ही संबंधित प्राचार्यों से भी स्पष्टीकरण लिया जाए कि उन्होंने क्यों कहा कि उनका नाम सामने नहीं आना चाहिए।

सड़क से लेकर सदन तक होगा आंदोलन

झारखंड छात्र मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन किसी अधिकारी को बचाने या जांच में लीपापोती करने की कोशिश करता है, तो संगठन सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगा। जरूरत पड़ने पर राज्य भवन का भी घेराव किया जाएगा।

 

Leave a Comment