जमशेदपुर/बहरागोड़ा, 20 जुलाई –
बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत भूतिया पंचायत के घाघरा गांव में शनिवार को 76वां वन महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक वानिकी प्रमण्डल, आदित्यपुर, जमशेदपुर के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक समीर महंती रहे, जिनकी उपस्थिति में वन महोत्सव का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत प्रतीकात्मक रूप से एक-एक पौधा भेंट कर किया गया। इस दौरान वृक्षारोपण और पौधों के वितरण के साथ पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
“वनों की सुरक्षा सामाजिक दायित्व” – विधायक समीर महंती
मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए विधायक समीर महंती ने कहा कि “वन, जल और जमीन प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं। इनकी रक्षा करना केवल हमारा कर्तव्य नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक दायित्व भी है।” उन्होंने कहा कि 1950 से देश में वन महोत्सव मनाया जा रहा है, लेकिन बढ़ती वनों की कटाई ने आज कई गंभीर पर्यावरणीय समस्याएं खड़ी कर दी हैं। ऐसे में हर नागरिक को पौधारोपण के प्रति सजग होना होगा।
विधायक ने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि “हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है।”
पौधारोपण के साथ लिया गया संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान मुखिया विधान चंद्र मंडी ने संचालन की भूमिका निभाई। मौके पर सामाजिक वानिकी प्रमण्डल के रेंजर शशि प्रकाश, डीएफओ राजीव रंजन, आर पी सिंह, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा, ग्राम प्रधान गुरुचरण सिंह समेत अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।
सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण सरंक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली। इस अवसर पर सुसमा सोरेन, सुरेंद्र नाथ हसदा, अर्जुन पूर्ति, गौतम दास, जयदेव दास, मोहन माईती, रिंकू कुमार, बिसु ओझा, परमेश्वर हेब्रम, पंचानन मुंडा, सुरु मुर्मू, सुजीत दास, प्रणव बेरा और रशीद खान सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।









