6 मई को रांची में आयोजित संविधान बचाओ रैली में पूर्वी सिंहभूम से हजारों कार्यकर्ता होंगे शामिल: बलजीत सिंह बेदी और बन्ना गुप्ता

SHARE:




जमशेदपुर। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के आह्वान पर आगामी 6 मई को रांची स्थित पुराना विधानसभा मैदान, धुर्वा में आयोजित ‘संविधान बचाओ रैली’ को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस ने व्यापक तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में तिलक पुस्तकालय, बिष्टूपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला स्तरीय तैयारी समिति की बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी बलजीत सिंह बेदी और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।

संविधान पर खतरा, भाजपा कर रही लोकतंत्र पर हमला: बेदी

बैठक को संबोधित करते हुए बलजीत सिंह बेदी ने कहा, “भारत का संविधान डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा रचित है, जो सभी वर्गों, जातियों, महिलाओं और युवाओं को समान अधिकार देता है। आज यही संविधान भाजपा के शासन में खतरे में है। इसी के विरोध में 6 मई को रांची में संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया जा रहा है।”

उन्होंने बताया कि रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महामंत्री केसी वेणुगोपाल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी के. राजू सहित कई वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। रैली की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश करेंगे।

राहुल गांधी की विचारधारा की जीत: बन्ना गुप्ता



पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा, “राहुल गांधी ने जातीय जनगणना की मांग उठाकर ऐतिहासिक पहल की है, जिससे भाजपा को भी मजबूरी में बिल लाना पड़ा। यह कांग्रेस की वैचारिक जीत है।”

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं में बदले की भावना है, जो सोनिया गांधी और राहुल गांधी को नेशनल हेराल्ड मामले में फंसा कर परेशान कर रही है। इस रैली में पूर्वी सिंहभूम के प्रत्येक पदाधिकारी को 10-10 लोगों के साथ शामिल होने का आह्वान किया गया।

हजारों कार्यकर्ता 6 मई को जमशेदपुर से होंगे रवाना

जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने जानकारी दी कि जिले के सभी 18 प्रखंडों से हजारों कार्यकर्ता 6 मई की सुबह 7 बजे जमशेदपुर के आमबगान मैदान से रांची के लिए रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक न्याय के आदर्शों पर केंद्र सरकार द्वारा सुनियोजित हमले किए जा रहे हैं, जिसका जवाब रैली के माध्यम से दिया जाएगा।

बैठक में रखी गई श्रद्धांजलि और रणनीति

बैठक की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में मृत लोगों के प्रति दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद प्रखंडवार समीक्षा की गई और रैली में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी रहे मौजूद

इस बैठक में कांग्रेस के सैकड़ों पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख नाम हैं:
बलजीत सिंह बेदी, बन्ना गुप्ता, बिजय खान, राकेश तिवारी, रामलाल प्रसाद पासवान, प्रिंस सिंह, सामंता कुमार, महेंद्र मिश्र, आशीष ठाकुर, ईश्वर कुमार सिंह, बबुआ झा, नागेन्द्र प्रताप सिंह उज्जैन, संजय शर्मा, फैयाज आलम अंसारी, नारायण डे, राजकिशोर यादव, शफी अहमद खान, संजय तिवारी, सुखदेव सिंह मल्ली, कमर रजा खान, ज्योति मिश्र, वीरेंद्र पांडेय, नलिनी सिन्हा, लखिंदर करुवा, पवन कुमार बबलू, कमलेश कुमार, सुनील कुमार, सचिन कुमार सिंह, सन्नी सिंह, कल्पना सेन आदि।

Leave a Comment

और पढ़ें