Guwa:समय की लंबी दूरी और जिम्मेदारियों की व्यस्त राहों को पार करते हुए वर्ष 2001 बैच के छात्रों ने गुवा प्रखंड के ठाकुरा गांव स्थित कारों नदी के तट पर एक यादगार मिलन समारोह सह वनभोज का आयोजन किया। यह आयोजन केवल एक पिकनिक नहीं, बल्कि वर्षों से बिछड़े दोस्तों के दिलों को फिर से जोड़ने का एक भावनात्मक अवसर बन गया।
2001 में पढ़ाई पूरी करने के बाद कोई छात्र रोजगार के सिलसिले में बिहार, दिल्ली तो कोई विदेश चला गया था। समय के साथ संपर्क छूटता गया, लेकिन दोस्ती की डोर कभी कमजोर नहीं पड़ी। इसी भावना के साथ पुराने साथियों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से इस मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर को खास बनाते हुए सऊदी अरब से लाल मोहम्मद और दुबई से साहिल विशेष रूप से गुवा पहुंचे। विदेश से साथियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया। वर्षों बाद एक-दूसरे से मिलकर सभी साथी भावुक नजर आए और स्कूल जीवन की पुरानी यादों में खो गए। कभी क्लासरूम की शरारतें तो कभी खेल मैदान के किस्से—हर बातचीत में बीता समय जैसे फिर से जीवंत हो उठा।
मिलन समारोह के दौरान सभी छात्रों ने एक साथ बैठकर भोजन किया, संगीत का आनंद लिया और आपसी संवाद में लंबा समय बिताया। कार्यक्रम के अंत में नृत्य और ठहाकों के साथ यह मिलन यादगार पलों में बदल गया।
समारोह के समापन पर सभी साथियों ने यह संकल्प लिया कि वर्ष 2027 में एक बार फिर इसी तरह मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा, ताकि दोस्ती और आपसी रिश्तों की यह परंपरा यूं ही बनी रहे।
इस अवसर पर सऊदी से लाल मोहम्मद, दुबई से साहिल, सुबोध, ज्ञान गुप्ता, अनिल, शैलेंद्र, धर्मेंद्र रजक, संजय प्रजापति, राजेश गुप्ता, मंगल, गणेश मिश्रा, लाल सिंह सहित कई पूर्व छात्र उपस्थित रहे।









