वारिस कॉलोनी में समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन

SHARE:

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष एवं पश्चिम विधानसभा विधायक के पूर्व प्रतिनिधि अंसार खान मंगलवार को वारिस पिया वेलफेयर कमिटी के बुलावे पर वारिस कॉलोनी पहुंचे। दौरे के दौरान कमिटी के सदस्यों ने कॉलोनी की विभिन्न समस्याओं को लेकर अंसार खान को अवगत कराया।

वारिस पिया वेलफेयर कमिटी के सचिव आबिद हुसैन ने कॉलोनी में उन स्थानों का सर्वे कराया, जहां अब तक पानी की पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है। साथ ही बताया गया कि क्षेत्र में लगभग 35 स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हुई हैं। इसके अलावा ट्रांसफॉर्मर और बिजली के पोल की भी समस्या सामने रखी गई।

समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अंसार खान ने मौके पर ही बिजली विभाग की एजेंसी से संपर्क कर निर्देश दिया कि जहां-जहां बिजली के पोल लगाने की आवश्यकता है, वहां दो दिनों के भीतर काम पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि बिजली के पोल के अभाव में नाली निर्माण का कार्य भी बाधित हो रहा है।

अंसार खान ने बस्तीवासियों को आश्वस्त किया कि जल्द ही खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई जाएगी। साथ ही जहां-जहां पाइपलाइन नहीं है, उसके लिए विभाग को लिखित प्रस्ताव भेजा जाएगा। वहीं, सड़क की समस्या के समाधान के लिए मानगो नगर निगम को पत्र भेजा जाएगा।

इस दौरान सर्वे में वारिस पिया वेलफेयर कमिटी के सचिव आबिद हुसैन, तैयबा मस्जिद कमिटी के सचिव इसरार खान, वेलफेयर कमिटी के वाइस प्रेसिडेंट एन हक, रफीक, शौकत ताहिर, मोहम्मद निजाम, जहांगीर, महमूद, आदिल खान समेत कई लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment